कन्नौज में भीषण सड़क हादसा: कोयला लदा ट्रक दुकानों में घुसा, 2 की मौत, कई दबे होने की आशंका

कन्नौज जिले के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार कोयले से लदा एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे बनी दुकानों में घुसकर पलट गया। इस भीषण हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वहीं, मलबे के नीचे कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

यह घटना छिबरामऊ क्षेत्र के भाऊलपुर गांव के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक पहले एक बाइक और स्कूटी से टकराया, जिसके बाद चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सीधे दुकानों में जा घुसा। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है, जबकि घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन को आशंका है कि मलबे के नीचे अभी भी कुछ लोग दबे हो सकते हैं, जिनमें स्कूली बच्चे भी शामिल हो सकते हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही छिबरामऊ से विधायक अर्चना पांडे भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने अस्पताल जाकर घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात की और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

घायल सोनू ने बताया कि तालग्राम क्षेत्र से आ रहा कोयला लदा ट्रक बहुत तेज रफ्तार में था। ट्रक को आता देख लोग भागने लगे, लेकिन अचानक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के समय वहां करीब 15 लोग मौजूद थे।

फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *