वृंदावन में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां केसी घाट के पास श्रद्धालुओं से भरी एक नाव अचानक अनियंत्रित होकर यमुना नदी में पलट गई। इस हादसे में अब तक 6 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब एक दर्जन लोगों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त नाव में करीब 25 श्रद्धालु सवार थे, जो यमुना नदी में विहार कर रहे थे। इसी दौरान नाव केसी घाट के पास बने पांटून पुल से टकरा गई, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। नाव पलटते ही सभी श्रद्धालु गहरे पानी में जा गिरे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हादसे में 6 लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग अब भी लापता हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
स्थानीय मल्लाहों और पुलिसकर्मियों ने मिलकर डूबे हुए श्रद्धालुओं को निकालने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं घायल और अस्वस्थ श्रद्धालुओं को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है और मौके पर वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंच गए हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, जिसमें यह भी देखा जा रहा है कि नाव में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और लाइफ जैकेट जैसी सुविधाएं मौजूद थीं या नहीं।
फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है तथा लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान तेज कर दिया गया है।

