महोबा: जनपद में हाल ही में हुई बे-मौसम वर्षा एवं अतिवृष्टि के कारण फसलों को हुए नुकसान को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सर्वेक्षण करने के निर्देश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि प्रभावित क्षेत्रों का विस्तृत, वैज्ञानिक एवं पारदर्शी सर्वेक्षण किया जाए, जिससे क्षतिग्रस्त फसलों का सही और निष्पक्ष आकलन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सर्वेक्षण रिपोर्ट जल्द से जल्द प्रस्तुत की जाए, ताकि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पात्र किसानों को समयबद्ध तरीके से मुआवजा दिया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि सर्वेक्षण कार्य पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और गंभीरता के साथ किया जाए, जिससे कोई भी पात्र किसान सहायता से वंचित न रह जाए और राहत कार्य प्रभावी ढंग से जमीन पर नजर आए।
कृषकों से अपील:
जिला प्रशासन द्वारा सभी किसानों से अपील की गई है कि जिन किसानों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत अपनी फसल का बीमा कराया है और यदि उनकी फसल को आकस्मिक वर्षा, तेज हवा या बिजली गिरने से किसी प्रकार की क्षति हुई है, तो वे 72 घंटे के भीतर टोलफ्री नंबर 14447 पर शिकायत दर्ज कराएं।
इससे समय रहते सर्वेक्षण कराकर उन्हें उचित क्षतिपूर्ति दिलाई जा सकेगी।
संपर्क जानकारी:
यदि फसल क्षति सर्वे के दौरान किसी किसान को कोई समस्या या शिकायत होती है, तो वे तुरंत अपनी तहसील के उपजिलाधिकारी/तहसीलदार, जिला कृषि अधिकारी, महोबा या उप कृषि निदेशक कार्यालय के कंट्रोल रूम नंबर 05281-298520 पर संपर्क कर सकते हैं।

