कानपुर: बिल्हौर में फायर सीजन को लेकर जागरूकता गोष्ठी, किसानों और ग्राम प्रधानों को दिए गए जरूरी निर्देश

कानपुर नगर में फायर सीजन को देखते हुए अग्निशमन विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में 08 अप्रैल 2026 को बिल्हौर अग्निशमन केंद्र पर एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) के निर्देश पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। गोष्ठी में सहायक पुलिस आयुक्त बिल्हौर, बीडीओ, विद्युत विभाग, नलकूप विभाग के अधिकारी, क्षेत्रीय ग्राम प्रधान, किसान, अग्निसचेतक और आपदा मित्र शामिल हुए।

गोष्ठी के दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में फसलों में लगने वाली आग की घटनाओं को रोकने और उससे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों को निर्देश दिए कि गांवों में मौजूद तालाब, नलकूप और ट्यूबवेल के टैंकों को हमेशा पानी से भरा रखें, ताकि आपात स्थिति में तुरंत उपयोग किया जा सके। साथ ही किसी भी आगजनी की घटना की सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग के कंट्रोल रूम नंबर 9454418396 या डायल 112 पर देने के निर्देश दिए गए।

अग्निसचेतकों और आपदा मित्रों को भी निर्देशित किया गया कि वे किसी भी आपात स्थिति में अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों का सहयोग करें और आम जनता को भी आग से बचाव के प्रति जागरूक करें। गोष्ठी में मौजूद सभी अधिकारियों ने अपने विचार साझा करते हुए आग से बचाव और रोकथाम के उपायों पर जोर दिया और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। अग्निशमन विभाग का यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में आग की घटनाओं को रोकने और लोगों को सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *