कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के खड्डा थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जब श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई। इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में करीब 24 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रॉली में लगभग 50 श्रद्धालु सवार थे, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे शामिल थे। सभी लोग रामनवमी के अवसर पर आयोजित नहान मेले में शामिल होने के लिए जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह हादसा खड्डा क्षेत्र के सिसवा गोपाल रेगुलेटर के पास बड़ी गंडक नहर पर हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर और ट्रॉली को जोड़ने वाला हुक तेज रफ्तार के चलते अचानक टूट गया, जिससे ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नहर में जा गिरी। राहत की बात यह रही कि उस समय नहर में पानी नहीं था, अन्यथा यह हादसा और भी भयावह हो सकता था।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत साहस दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। कुछ श्रद्धालुओं ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली, लेकिन कई लोग ट्रॉली के नीचे दबकर घायल हो गए।
सूचना मिलने पर चार एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं और सभी घायलों को खड्डा (तुर्कहा) स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल 10 लोगों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
घायलों का हाल जानने के लिए क्षेत्रीय विधायक विवेकानंद पाण्डेय, खड्डा सीओ वीरेंद्र सिंह और एसडीएम रामबीर सिंह भी अस्पताल पहुंचे। एसडीएम रामबीर सिंह ने बताया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराया जा रहा है।

