नालंदा के मां शीतला मंदिर में भगदड़, 8 श्रद्धालुओं की मौत की खबर, कई गंभीर घायल

बिहार के नालंदा जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। बिहार शरीफ के मघड़ा स्थित प्रसिद्ध मां शीतला मंदिर में पूजा-अर्चना के दौरान अचानक भगदड़ मच गई, जिसमें अब तक 8 श्रद्धालुओं की मौत की खबर आ रही है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, मंदिर में पूजा के दौरान भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। इसी बीच अचानक अफरा-तफरी मच गई और लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हादसे में घायल लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय ग्रामीणों में इस हादसे को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों ने मंदिर प्रबंधन और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मौके पर दीपनगर थाना पुलिस, सदर डीएसपी और एसडीएम की टीम पहुंच गई है और राहत व बचाव कार्य जारी है।

प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर में त्योहारों और विशेष पूजा के अवसर पर हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन इस बार भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। न तो पर्याप्त पुलिस बल तैनात था और न ही बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी, जिससे हालात बेकाबू हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *