कानपुर में किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट का भंडाफोड़, 60 लाख में होता था सौदा — कई अस्पताल रडार पर

कानपुर में सीएमओ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में किडनी खरीद-फरोख्त के एक बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है। लंबे समय से कल्याणपुर थाना क्षेत्र और रावतपुर थाना क्षेत्र के कई नर्सिंग होम में अवैध किडनी ट्रांसप्लांट का खेल चल रहा था।

सूत्रों के मुताबिक, इस रैकेट में उत्तराखंड के एक युवक की किडनी करीब 60 लाख रुपये में बेची गई। युवक को महज 3.5 लाख रुपये ऑनलाइन और करीब 6 लाख रुपये नकद दिए गए, जबकि दलालों के जरिए किडनी को भारी कीमत पर मरीज को ट्रांसप्लांट किया गया।

जानकारी के अनुसार, युवक को पैसों का लालच देकर कानपुर बुलाया गया और आवास विकास-3, कल्याणपुर स्थित एक अपार्टमेंट में रखकर सौदे की तैयारी की गई। इसके बाद आहूजा हॉस्पिटल में किडनी ट्रांसप्लांट कराया गया।

ट्रांसप्लांट के बाद दोनों को 24 घंटे तक अस्पताल में रखा गया और फिर युवक को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। मामले की भनक लगते ही क्राइम ब्रांच और पुलिस टीम ने देर रात छापेमारी शुरू की। इस दौरान अस्पताल से जुड़े लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मामले को दबाने के लिए मरीज को दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने प्रिया सरोज हॉस्पिटल में भी पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की।

मीडिया में आ रही ख़बरों के अनुसार क्राइम ब्रांच और पुलिस टीम ने आहूजा हॉस्पिटल के संचालक डॉक्टर प्रीति आहूजा और उनके पति डॉक्टर सुरजीत आहूजा को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है।

सूत्रों की मानें तो यह केवल एक मामला नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में फैला एक बड़ा सिंडिकेट हो सकता है। कल्याणपुर के एक दर्जन से अधिक अस्पताल पुलिस के रडार पर हैं और लगातार छापेमारी जारी है।

फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है और आने वाले दिनों में इस मामले में कई और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *