प्रयागराज में कोल्ड स्टोरेज ढहा, अमोनिया गैस रिसाव से मचा हड़कंप

प्रयागराज: जिले के गंगापार क्षेत्र के फाफामऊ थाना अंतर्गत चांदपुर गांव में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक कोल्ड स्टोरेज अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के बाद अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कोल्ड स्टोरेज में करीब 20 से 25 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं राहत एवं बचाव दल ने अब तक लगभग आधा दर्जन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया। मलबे में दबे लोगों को लगातार बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों और वहां काम करने वाले मजदूरों के मुताबिक, सभी कर्मचारी खाना खाने के बाद आराम कर रहे थे, तभी अचानक यह हादसा हो गया। हादसे के बाद कुछ स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला।

घायलों की संख्या को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि कई घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल किसी के मौत की पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *