रामत्व से रामराज्य तक: कानपुर में होगा भव्य सनातन यात्रा का आयोजन, समाज को मिलेगा आदर्श शासन का संदेश

कानपुर। समाज में आदर्श शासन व्यवस्था और नैतिक मूल्यों की पुनर्स्थापना के उद्देश्य से “रामत्व से रामराज्य तक: एक सनातन यात्रा” का भव्य आयोजन सोमवार 23 मार्च 2026 को शहर में किया जायेगा । यह कार्यक्रम सायं 4 बजे से 8 बजे तक शास्त्री भवन, खलासी लाइन में आयोजित होगा।

रविवार को कानपुर जर्नलिस्ट क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में आयोजक अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन और रामराज्य की अवधारणा को समाज के समक्ष पुनः स्थापित करना है।

उन्होंने बताया कि चैत्र शुक्ल पंचमी का यह पावन अवसर उस ऐतिहासिक क्षण की याद दिलाता है, जब 14 वर्षों के वनवास के बाद भगवान श्रीराम अयोध्या लौटे और समता, न्याय व धर्म पर आधारित आदर्श शासन—रामराज्य की स्थापना की। वर्तमान समय में बढ़ते भाई-भतीजावाद, जातिवाद, आतंकवाद, अनाचार और सामाजिक असंतुलन के बीच रामराज्य की अवधारणा और भी अधिक प्रासंगिक हो गई है। इसी उद्देश्य के साथ सनातन वैदिक रामराज्य परिषद पिछले पांच वर्षों से इस दिवस को “रामराज्य महोत्सव” के रूप में मना रही है। इस वर्ष इस आयोजन का पांचवां संस्करण आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में देश के प्रख्यात चिंतक एवं विचारक भगवान श्रीराम के जीवन मूल्यों, उनके शासन सिद्धांतों और “जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी” जैसे आदर्शों पर प्रकाश डालेंगे, जिससे नई पीढ़ी को प्रेरणा मिल सके और वे राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

इस अवसर पर “सनातन धर्म रत्न पुरस्कार 2026” वरिष्ठ पत्रकार शिव शरण त्रिपाठी, संपादक ‘दि मॉरल’ को प्रदान किया जाएगा। साथ ही, कानपुर बार एसोसिएशन की नव-निर्वाचित समिति को भी सम्मानित किया जाएगा।

प्रेसवार्ता में अजय कुमार मिश्रा, विनय कुमार मिश्रा, राजीव अग्निहोत्री और योगेश श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजक अजय कुमार मिश्रा ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर इसकी ऊर्जा और जीवन्तता का अनुभव करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *