प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी, वाहन चालकों का बढ़ेगा खर्च

देशभर में प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में दो रुपये से अधिक की बढ़ोतरी के बाद आम लोगों और वाहन चालकों पर इसका सीधा असर देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अब प्रीमियम पेट्रोल की कीमत 103.92 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं, पुणे में इसकी कीमत 113.77 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है।

उद्योग जगत के सूत्रों के अनुसार, नई दिल्ली में 95-ऑक्टेन प्रीमियम पेट्रोल की कीमत 99.89 रुपये से बढ़कर 101.89 रुपये प्रति लीटर हो गई है। इसके साथ ही दिल्ली में थोक (इंडस्ट्रियल) डीजल की कीमतों में भी बड़ा उछाल देखने को मिला है, जो 87.67 रुपये से बढ़कर 109.59 रुपये प्रति लीटर हो गई है।


इन ब्रांड्स पर पड़ा सीधा असर

इस मूल्य वृद्धि का असर खास तौर पर हाई-ग्रेड ब्रांडेड फ्यूल्स पर पड़ा है। इसमें हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड का ‘पावर’ (Power) पेट्रोल और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड का ‘XP95’ प्रमुख रूप से शामिल हैं। कीमत बढ़ने के बाद इन फ्यूल्स का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों का मासिक खर्च बढ़ना तय माना जा रहा है।


सामान्य पेट्रोल पर राहत

हालांकि, आम उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि यह बढ़ोतरी केवल प्रीमियम (हाई-ऑक्टेन) पेट्रोल तक ही सीमित रखी गई है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि सामान्य (रेगुलर) पेट्रोल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे रोजाना उपयोग करने वाले लोगों को फिलहाल अतिरिक्त बोझ नहीं उठाना पड़ेगा।


क्या होता है प्रीमियम पेट्रोल?

प्रीमियम पेट्रोल में ऑक्टेन नंबर ज्यादा होता है, जो आमतौर पर 95 या उससे ऊपर होता है, जबकि सामान्य पेट्रोल का ऑक्टेन नंबर 91 होता है। अधिक ऑक्टेन वाला यह ईंधन इंजन की नॉकिंग कम करता है और बेहतर परफॉर्मेंस देता है।

यह पेट्रोल खासतौर पर हाई-परफॉर्मेंस कारों, स्पोर्ट्स बाइक्स, टर्बो इंजन वाली गाड़ियों में इस्तेमाल किया जाता है। बड़े शहरों के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर यह आसानी से उपलब्ध होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *