Saloni Tiwari (Chief Editor): AMD News: लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई है, जिससे गर्मी का असर काफी हद तक कम हो गया है। बरेली, बिजनौर, मेरठ समेत कई जिलों में हल्की बारिश हुई, जबकि कानपुर और वाराणसी में मध्यम बारिश देखने को मिली।
आसमान में लगातार बादलों की आवाजाही के कारण तापमान में गिरावट आई है और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, आने वाले 24 घंटे में भी प्रदेश में ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के करीब 70 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही कई जिलों में आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी भी दी गई है। विभाग के मुताबिक, कुछ क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
ओलावृष्टि का अलर्ट:
बांदा, फतेहपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में ओले गिरने की संभावना जताई गई है।
तेज हवाओं का अलर्ट:
प्रदेश के कई जिलों जैसे बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, आगरा, झांसी और ललितपुर समेत अन्य क्षेत्रों में 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर खुले स्थानों पर जाने से बचने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम के इस बदलाव से जहां आम लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं तेज आंधी और ओलावृष्टि की आशंका को देखते हुए सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है।

