सलोनी तिवारी: लखनऊ। प्रदेश सरकार ने गुरुवार देर रात प्रशासनिक फेरबदल करते हुए छह पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। जारी आदेश के अनुसार कई जिलों में महत्वपूर्ण पदों पर नई तैनातियां की गई हैं।
नगर मजिस्ट्रेट मथुरा एवं मंदिर परिसर के प्रभारी मजिस्ट्रेट रहे राकेश कुमार को अब अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) हमीरपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं अनूप कुमार मिश्रा, जो अब तक गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण में विशेष कार्य अधिकारी के पद पर तैनात थे, उन्हें नगर मजिस्ट्रेट मथुरा एवं प्रभारी मजिस्ट्रेट मंदिर परिसर बनाया गया है।
इसके अलावा राजेश कुमार, जो एडीएम न्यायिक कानपुर नगर थे, उन्हें एडीएम नागरिक आपूर्ति कानपुर नगर के पद पर तैनात किया गया है। प्रतीक्षारत अधिकारी महेश प्रकाश को एडीएम न्यायिक कानपुर नगर की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी क्रम में प्रतीक्षारत रिंकी जायसवाल को मुख्य राजस्व अधिकारी (सीआरओ) गोंडा नियुक्त किया गया है। वहीं अजय कुमार, जो कानपुर विकास प्राधिकरण में एसडीएम के पद पर कार्यरत थे, उन्हें अपर नगर आयुक्त, नगर निगम फिरोजाबाद बनाया गया है।
प्रदेश सरकार द्वारा किए गए इन तबादलों को प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
