हाई अलर्ट पर राजधानी — पीएम मोदी बोले, ‘पीड़ित परिवारों के साथ है पूरा देश’

देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास चलती कार में अचानक धमाका हो गया। इस धमाके से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया।
धमाके के बाद दिल्ली पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। फिलहाल मौके पर फोरेंसिक टीम और इंटेलिजेंस एजेंसियां जांच में जुटी हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, धमाका चलती कार के अंदर हुआ, जिससे वाहन में आग लग गई। हालांकि अभी तक धमाके के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भूटान से इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा,

“आज मैं यहां बहुत भारी मन से आया हूं। कल शाम दिल्ली में हुई भयावह घटना ने सभी के मन को व्यथित कर दिया है। मैं पीड़ित परिवारों का दुख समझता हूं और आज पूरा देश उनके साथ खड़ा है। मैं कल रात भर इस घटना की जांच में जुटी सभी एजेंसियों के साथ संपर्क में था। हमारी एजेंसियां इस षड्यंत्र की तह तक जाएंगी और इसके पीछे के षड्यंत्रकारियों को बख्शा नहीं जायेगा।”

सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (NIA) और दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल को जांच सौंपी है।
सुरक्षा एजेंसियों ने दिल्ली-एनसीआर के सभी प्रमुख स्थलों, रेलवे स्टेशनों और एयरपोर्ट पर सुरक्षा बढ़ा दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि धमाका इतना तेज था कि आसपास के मकानों की खिड़कियों के शीशे टूट गए।
पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि कार की मूवमेंट और संभावित संदिग्धों का पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *