नवदीप चतुर्वेदी: कानपुर। थाना किदवई नगर पुलिस ने बीएसएनएल और टेलीफोन की लैंडलाइन केबल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह पर एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। दो दिन पूर्व पुलिस ने इस गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 300 मीटर कॉपर केबल और कई उपकरण बरामद किए थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि ये बदमाश ड्रिल मशीन और क्रेन की मदद से भूमिगत केबल निकालकर ऊँचे दामों पर बेचते थे। घटना के बाद गिरोह के कुछ सदस्य मौके से फरार हो गए थे।
आज पुलिस को सूचना मिली कि वही बदमाश नई वारदात की रेकी कर रहे हैं। सूचना पर थाना किदवई नगर पुलिस ने तीन स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दो संदिग्ध बाइक सवारों ने पुलिस को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान लाला उर्फ शमशेर पुत्र इकराम निवासी कौशांबी, जनपद गाजियाबाद के रूप में हुई है। पुलिस जांच में पता चला कि लाला पर 10 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह एक शातिर गैंगस्टर है। वह पूर्व में दो बार गैंगस्टर एक्ट में जेल जा चुका है और हाल ही में आगरा के थाना रकाबगंज क्षेत्र में भी इसी तरह की वारदात कर चुका है।
पुलिस ने मौके से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक बाइक (UP32 नंबर) बरामद की है। फिलहाल घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


