सावन माह में इस दिन होती है नागदेवता की पूजा, गुड़िया पीटने की ये है परम्परा

नई दिल्ली। हिन्दू धर्म में सावन माह में नाग पंचमी के दिन सुबह नाग देवता के पूजन के साथ शाम के समय कई स्थानों पर गुड़िया की डंडे से पिटाई की जाती है। क्या आप जानते हैं कि बहनों के द्वारा बनाई गई गुड़िया को आखिर भाई डंडे से पीटने के पीछे क्या है वजह।

सावन माह के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को नाग पंचमी का त्यौहार मनाया जाता है। सावन की इस पावन तिथि पर नाग देवता की पूजा की जाती है। इसी त्योहार पर यूपी के तमाम के तमाम क्षेत्रों में गुड़िया का पर्व भी मनाया जाता है। नाग पंचमी के दिन नाग देवता के पूजन के साथ शाम के समय कई जगहों पर गुड़िया की डंडे से पिटाई की जाती है।

बहनों के द्वारा बनाई गयी गुड़िया को भाई डंडे से क्यों पीटते हैं- गुड़िया पीटने की परंपरा के पीछे आखिर क्या वजह है? आइए जानते हैं गुड़िया पर्व से जुड़ी कथा और इस परंपरा के बारे में विस्तार से।

क्यों होती है गुड़िया की पिटाई- नाग पंचमी के पर्व को यूपी के कई जगहों पर गुड़िया भी कहते हैं। इस त्योहार को मनाने के लिए बहनें गुड़िया बनाती हैं। आमतौर पर लड़कियां पुराने/नए कपड़े से बनी गुड़िया को तैयार करके उसे चौराहे या तालाब के पास रखती हैं। इसके बाद वहां भाई एकत्रित होकर दूसरे बच्चों के साथ डंडे से पीटते हैं।

क्या है नाग देवता से जुड़ी लोक कथा- नाग पंचमी के दिन गुड़िया पीटने की जो परंपरा है उससे जुड़ी एक कथा मिलती है। आइए जानते हैं उस कथा के बारे में। प्राचीन काल में एक महादेव नाम का लड़का नाग देवता का अनन्य भक्त था। महादेव प्रतिदिन किसी शिवालय में जाकर भगवान शिव के साथ नाग देवता की विशेष रूप से पूजा किया करता था। माना जाता है कि उसकी इस श्रद्धा और भक्ति से प्रसन्न होकर नाग देवता उसे प्रतिदिन दर्शन दिया करते थे। माना ये भी जाता है कि कई बार मंदिर में पूजा के दौरान नाग उस शिवभक्त के पैरों पर लिपट जाया करते थे, लेकिन उसे कभी कुछ भी नुकसान नहीं पहुंचाते थे।

बहन ने नाग को मार दिया-

कथा के अनुसार एक दिन जब महादेव शिवालय में नाग देवता की पूजा में ध्यान मग्न था तब हमेशा की तरह एक नाग उसके पैरों में आकर लिपट गया। उसी समय उसकी बहन वहां पर पहुंच गई। नाग को अपने भाई के पैरों में लिपटा देखकर वह डर गई। जब उसे इस बात का भय हुआ कि वह नाग उसके भाई को काट सकता है तो उसने एक डंडा उठाकर उस नाग को पीट-पीट कर मार डाला। इसके बाद जब महादेव का ध्यान टूटा तो उसने अपने सामने नाग को मरा पाया।

इसलिए पीटते हैं गुड़िया-

जब भाई ध्यान से उठा तब उसने मरा हुआ नाग देखा। बहन के द्वारा नाग के मारे जाने से भाई को बहुत गुस्सा आया। जब उसने इसका कारण अपनी बहन से पूछा तो बहन से सच्चाई बता दी। इस पर महादेव ने अपने बहन से कहा कि तुमने अनजाने में नाग देवता को मारा है लेकिन इसका दंड तुम्हें जरूर मिलेगा। दरअसल बहन ने अनजाने में नाग को मारा था इसलिए उस दिन प्रतीकात्मक सजा के तौर पर कपड़े से बनी गुड़िया को पीटा गया। तब से लेकर नाग पंचमी के दिन गुड़िया को पीटने की परंपरा चली आ रही है।

अस्वीकरण-ये लेख लोक मान्यताओं पर आधारित है। इस लेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए आंशिक मीडिया उत्तरदायी नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *