बांग्लादेश के मशहूर गायक जेम्स के फरीदपुर में आयोजित होने वाले संगीत कार्यक्रम में शुक्रवार रात अफरा-तफरी मच गई। भीड़ द्वारा पत्थरबाजी और हमले के बाद आयोजकों को कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। यह कॉन्सर्ट फरीदपुर जिला स्कूल की 185वीं वर्षगांठ के अवसर पर स्कूल परिसर में आयोजित किया जाना था, जिसकी शुरुआत रात करीब 9 बजे होनी थी।
आयोजन समिति के अनुसार, कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश को लेकर विवाद शुरू हुआ। प्रवेश न मिलने से नाराज़ बाहरी लोगों के एक समूह ने जबरन अंदर घुसने की कोशिश की। रोके जाने पर उन्होंने कथित तौर पर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए और मंच पर कब्जा करने का प्रयास किया।
हमले के दौरान फरीदपुर जिला स्कूल के छात्रों ने विरोध किया, जिसके बाद हमलावरों को पीछे हटना पड़ा। हालांकि, इस घटना में ईंटों की चपेट में आने से स्कूल के कम से कम 15 से 20 छात्र घायल हो गए।
स्थिति बिगड़ती देख रात करीब 10 बजे आयोजन समिति के संयोजक मुस्तफिजुर रहमान शमीम ने फरीदपुर के पुलिस उपायुक्त के निर्देश पर कॉन्सर्ट रद्द करने की घोषणा की। समिति के सदस्य राजिबुल हसन खान ने मीडिया को बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी थीं, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमला क्यों किया गया और इसके पीछे कौन लोग थे।
घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और आयोजनों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

