नए साल की शुरुआत में उत्तर भारत को जकड़ेगी कड़ाके की ठंड

उत्तर भारत में नए वर्ष की शुरुआत कड़ाके की ठंड और शीतलहर के साथ होने की संभावना है। पहाड़ी राज्यों में लगातार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ का असर अब मैदानी इलाकों में भी साफ तौर पर देखने को मिलेगा। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले तीन से चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग ने बताया कि पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश के कारण पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान से लेकर बिहार तक शीतलहर, कोल्ड डे और घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। कई इलाकों में दिन के तापमान में भी गिरावट आएगी, जिससे ठंड और अधिक तेज महसूस होगी।

IMD के मुताबिक, उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों में इस समय लगातार तीन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं। पहला पश्चिमी विक्षोभ फिलहाल हिमाचल प्रदेश के आसपास सक्रिय है, जबकि दूसरा शनिवार को प्रभाव दिखाएगा। इसके अलावा 30 दिसंबर को एक और पश्चिमी विक्षोभ के पहाड़ों तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

दिसंबर के अंत और जनवरी की शुरुआत में बारिश के बाद ठंड और तेज होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और रात के समय विशेष सतर्कता बरतने, गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करने और कोहरे के दौरान यात्रा में सावधानी रखने की सलाह दी है। नए साल के शुरुआती दिनों में उत्तर भारत में ठंड अपने चरम पर पहुंच सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *