सलोनी तिवारी: नई दिल्ली। भारत सरकार का महिला एवं बाल विकास मंत्रालय 26 दिसंबर 2025 को राष्ट्रीय स्तर पर वीर बाल दिवस का आयोजन करेगा। इस अवसर पर देश के युवा वीरों के अदम्य साहस, बलिदान और अनुकरणीय मूल्यों को स्मरण किया जाएगा। इसी दिन विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धियां हासिल करने वाले बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (पीएमआरबीपी) से सम्मानित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार भारत सरकार द्वारा प्रतिवर्ष बच्चों को प्रदान किया जाने वाला एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान है। यह पुरस्कार वीरता, कला एवं संस्कृति, पर्यावरण, सामाजिक सेवा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा खेल के क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को दिया जाता है। वर्ष 2025 में देश के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 20 बच्चों का चयन इस सम्मान के लिए किया गया है। यह पुरस्कार भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु द्वारा 26 दिसंबर 2025 को प्रातः 10:00 बजे विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित विशेष समारोह में प्रदान किया जाएगा।
वहीं, वीर बाल दिवस 2025 का राष्ट्रीय स्तर का मुख्य कार्यक्रम 26 दिसंबर 2025 को भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी भी उपस्थित रहेंगे और बच्चों व युवाओं को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री अपने संबोधन में राष्ट्र निर्माण में युवा नागरिकों की भूमिका को रेखांकित करेंगे। यह कार्यक्रम वीरता, दृढ़ता और निस्वार्थ सेवा की प्रेरणादायक कहानियों को प्रस्तुत करेगा, जिससे बच्चों और युवाओं को प्रेरणा मिलेगी और विकसित भारत @2047 के लक्ष्य के अनुरूप सशक्त एवं जिम्मेदार नागरिकों के निर्माण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी स्वागत भाषण देंगी।
इस राष्ट्रीय आयोजन में देशभर से स्कूली बच्चे, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार प्राप्तकर्ता तथा अनेक गणमान्य व्यक्ति भाग लेंगे। समारोह के दौरान भारत की समृद्ध सभ्यतागत विरासत और वीरता की भावना को दर्शाने वाली आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।
वीर बाल दिवस 2025 का यह राष्ट्रीय कार्यक्रम 26 दिसंबर 2025 को दोपहर 12:30 बजे से एनआईसी वेबकास्ट, डीडी न्यूज और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के यूट्यूब चैनल पर सीधा प्रसारित किया जाएगा, जिससे देशभर के लोग इस प्रेरणादायक आयोजन से जुड़ सकें।

