कानपुर। अखिल भारतीय मठ मंदिर समन्वय समिति (रजि.) एवं मां गंगा सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में मां गंगा के महापूजन को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। यह जानकारी आज कानपुर कैंट में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान समिति के मुख्य संस्थापक/संरक्षक श्री बालयोगी अरुण चैतन्यपुरी महाराज ने दी।
बालयोगी अरुण चैतन्यपुरी महाराज ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत वैदिक आचार्यों द्वारा विधिवत मां गंगा का महापूजन संपन्न कराया जाएगा। इस दौरान 101 लीटर दुग्ध से विशेष अभिषेक किया जाएगा तथा मां गंगा के 1008 नामों के उच्चारण के साथ द्रव्य अर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही 1100 मीटर चुनरी अर्पित करने का भी आयोजन किया गया है।
कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 12 बजे विशाल भंडारे से होगी, जबकि शाम 4 बजे से विशिष्ट कलाकारों द्वारा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। महाराज ने बताया कि इस आयोजन के लिए 21 हजार से अधिक आमंत्रण पत्र जारी किए गए हैं। अयोध्या समेत अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों से सैकड़ों संत, महंत एवं कथावाचकों के आगमन की भी पुष्टि हो चुकी है। साथ ही हजारों श्रद्धालुओं के कार्यक्रम में सम्मिलित होने की संभावना जताई गई है।
प्रेस वार्ता में संजय त्रिवेदी, विनोद गुप्ता, श्री शैल शुक्ला, श्री ओम त्रिवेदी, विजय चौरसिया, किरण पांडे, शेषनारायण त्रिवेदी, मनोज शुक्ला, पवन दुबे सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आयोजकों के अनुसार यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना को भी सशक्त करेगा।

