कानपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी तत्काल हरकत में आ गए और फील्ड में उतरकर कार्रवाई शुरू कर दी।
शनिवार देर शाम प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने गंगा बैराज पर व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाया। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह, डीसीपी रवीन्द्र कुमार और एआरटीओ प्रशासन आलोक कुमार सिंह स्वयं मौके पर मौजूद रहे और अभियान की निगरानी की।
अधिकारियों की टीम ने शाम करीब सात बजे से साढ़े आठ बजे तक गंगा बैराज पर सघन वाहन चेकिंग की। इस दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने और दस्तावेजों में खामियों पर कार्रवाई की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान काटे गए और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आगे भी ऐसे अभियान निरंतर चलाए जाएंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

