सलोनी तिवारी: मथुरा में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। यमुना एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे के कारण सात बसों और तीन कारों की आपस में भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कई वाहनों में आग लग गई, जिसमें तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत की खबर आ रही है प्रत्यक्षदर्शियों की अनुसार ये संख्या बढ़ भी सकती है जबकि 25 से अधिक यात्री घायल होने की सूचना मिल रही है।
यह दुर्घटना सुबह करीब 4 बजे उस समय हुई, जब अधिकांश यात्री बसों में सो रहे थे। अचानक हुई भिड़ंत के बाद कई बसों में आग भड़क उठी। आग लगते ही बसों में चीख-पुकार मच गई। कुछ यात्रियों ने खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि कई लोग अंदर ही फंस गए और झुलस गए।
सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब एक दर्जन दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाया गया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे के बाद आगरा से नोएडा जाने वाली यमुना एक्सप्रेसवे की लेन पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसे बाद में धीरे-धीरे सामान्य किया गया।
उधर, मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने और पछुआ हवाओं के प्रभाव से कोहरे की तीव्रता बढ़ गई है। लखनऊ समेत कई जिलों में दृश्यता बेहद कम दर्ज की गई है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे के दौरान धीमी गति से वाहन चलाएं और सावधानी बरतें।

