दिल्ली में घने कोहरे का कहर: फ्लाइट और सड़क यातायात प्रभावित

सलोनी तिवारी: दिल्ली में सर्दी की दस्तक के साथ ही सोमवार सुबह मौसम का पहला बड़ा असर देखने को मिला। राजधानी और आसपास के इलाकों में घना कोहरा छा गया, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई। इसका सीधा असर हवाई और सड़क यातायात पर पड़ा है। खराब मौसम को देखते हुए दिल्ली एयरपोर्ट और कई एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है और उड़ानों में देरी की आशंका जताई है।

सोमवार सुबह दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के आसपास विजिबिलिटी घटकर लगभग 100 मीटर के करीब पहुंच गई। एयरपोर्ट प्रशासन ने सुबह 06:12 बजे यात्रियों के लिए अलर्ट जारी करते हुए कहा कि मौसम की वजह से फ्लाइट ऑपरेशन प्रभावित हो सकते हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि वे एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति संबंधित एयरलाइन से जरूर कन्फर्म कर लें।

कम विजिबिलिटी का असर रनवे ऑपरेशन पर भी देखा गया, जिसके चलते कई उड़ानों के टेकऑफ और लैंडिंग में देरी हो सकती है। वहीं सड़क यातायात भी कोहरे की वजह से धीमा हो गया है और वाहन चालकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

इसी बीच इंडिगो एयरलाइंस ने भी ट्रैवल एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि दिल्ली में कम विजिबिलिटी के चलते कुछ उड़ानों के प्रस्थान में अधिक समय लग सकता है। एयरलाइन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अतिरिक्त समय लेकर एयरपोर्ट पहुंचें। इंडिगो ने यह भी बताया कि उनकी टीमें मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और यात्रियों की सहायता के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *