नितिन नबीन बने भाजपा के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष

भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए अपने नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का ऐलान कर दिया है। बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन सिन्हा को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस संबंध में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव की ओर से आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।

भाजपा की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने सर्वसम्मति से नितिन नबीन को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। जेपी नड्डा के बाद अब पार्टी संगठन की कमान नितिन नबीन के हाथों में होगी।

नितिन नबीन वर्तमान में बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं और पार्टी संगठन में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उन्हें एक अनुभवी संगठनकर्ता और जमीनी स्तर से जुड़े नेता के रूप में जाना जाता है।

राजनाथ सिंह ने दी बधाई

नितिन नबीन के भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा,
“बिहार की धरती से आने वाले युवा और ऊर्जावान नेता श्री नितिन नबीन को भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई। वे एक कर्मठ कार्यकर्ता और दूरदृष्टि रखने वाले व्यक्ति हैं।”

भाजपा के भीतर इस नियुक्ति को संगठनात्मक मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीतियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि नितिन नबीन के नेतृत्व में पार्टी संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *