ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में बड़ा हमला

सलोनी तिवारी: सिडनी (ऑस्ट्रेलिया): ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर में वीकेंड पर एक बड़ा और सनसनीखेज हमला सामने आया है। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बॉन्डी बीच पर चल रहे हनुक्का उत्सव के दौरान बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। मीडिया में आ रही ख़बरों के अनुसार इस गोलीबारी में अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 7 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, ऑस्ट्रेलियाई पुलिस ने रविवार को जानकारी दी कि घटना के बाद दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया गया है। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोलीबारी शुरू होते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। चारों ओर चीख-पुकार और भगदड़ का माहौल था। कई लोग जमीन पर गिर पड़े, जबकि कुछ ने समुद्र की ओर भागकर जान बचाई।

पुलिस ने पूरे बॉन्डी बीच इलाके को सील कर दिया है और भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। मामले की गहन जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हमला आतंकी साजिश था या किसी अन्य कारण से अंजाम दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *