चित्रकूट के CDO बदले गए, यूपी सरकार ने 5 IAS अधिकारियों का किया तबादला

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने शनिवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पांच आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस फेरबदल में चित्रकूट के मुख्य विकास अधिकारी (CDO) को भी बदल दिया गया है। तबादले में शामिल अधिकारियों में राजीव कुमार, देवी प्रसाद पाल, प्रेरणा शर्मा, टी.के. शिबु और दक्ष कुमार सिंह कुशवाहा के नाम शामिल हैं। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने-अपने नए पदों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार, सोमवार को सभी अधिकारी पदभार संभाल लेंगे।

सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, चित्रकूट के मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार को अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के पद पर स्थानांतरित किया गया है। वहीं, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज में उपसचिव के पद पर तैनात देवी प्रसाद पाल को मुख्य विकास अधिकारी, चित्रकूट नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की विशेष सचिव प्रेरणा शर्मा को विशेष सचिव, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के साथ-साथ अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, इन्वेस्ट यूपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत टी.के. शिबु को वर्तमान पद के साथ विशेष सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग एवं विभागाध्यक्ष, खाद्य प्रसंस्करण, उत्तर प्रदेश का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

वहीं, विशेष सचिव, रेशम विभाग के पद पर तैनात दक्ष कुमार सिंह कुशवाहा को वरिष्ठ पद के साथ निदेशक, रेशम, उत्तर प्रदेश का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

सरकार का कहना है कि यह प्रशासनिक बदलाव प्रदेश की विकास योजनाओं, औद्योगिक परियोजनाओं और सरकारी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन को और मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *