सलोनी तिवारी: कानपुर अपर पुलिस महानिदेशक अग्निशमन एवं आपात सेवा महोदया तथा पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट कानपुर नगर के आदेशों के अनुपालन में आज शहरभर में व्यापक अग्नि सुरक्षा निरीक्षण अभियान चलाया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी कानपुर नगर श्री दीपक शर्मा के नेतृत्व में जनपद के सभी प्रभारी अग्निशमन अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत संचालित क्लब, होटल, रेस्टोरेंट, बार आदि प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीमों द्वारा आग से सुरक्षा के मानकों की विस्तार से जांच की गई जिसमें—
✔ फायर एग्जिट
✔ फायर अलार्म
✔ फायर एक्सटिंगुइशर की स्थिति
✔ इमरजेंसी लाइट
✔ पानी की उपलब्धता
✔ हाइड्रेंट सिस्टम की कार्यप्रणाली
✔ रसोई और इलेक्ट्रिकल पैनल की सुरक्षा व्यवस्था
का परीक्षण शामिल रहा।
अग्निशमन अधिकारियों द्वारा संबंधित प्रतिष्ठानों को अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन करने, उपकरणों को समय-समय पर परीक्षण एवं सर्विसिंग कराने तथा स्टाफ को आग से बचाव के प्रशिक्षण की अनिवार्यता के बारे में जागरूक किया गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने कहा कि शहर में बढ़ते कमर्शियल गतिविधियों के बीच आग से सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है। समय-समय पर ऐसे निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।

