11 दिसंबर को होगा ‘आरोग्य मंथन’ कार्यक्रम: IAS सौम्या पाण्डेय ने दी जानकारी, डिजिटल हेल्थ सेवाओं के साथ महिलाओं के लिए होगा ‘आरोग्य शक्ति अभियान’

सलोनी तिवारी: कर्मचारी राज्य बीमा योजना (ESI) उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित होने वाले महत्वपूर्ण कार्यक्रम ‘आरोग्य मंथन’ की जानकारी आज  श्रीमती सौम्या पाण्डेय (आई. ए. एस.)निदेशक कर्मचारी राज्य बीमा योजना, उत्तरप्रदेश ने प्रेस ब्रीफिंग में दी। 
IAS सौम्या पाण्डेय ने बताया कि ‘कर्मचारी राज्य बीमा योजना, उत्तर प्रदेश के तत्वाधान में आगामी 11 दिसंबर 2025 को कानपुर के एच.बी.टी.यू. (वेस्ट कैंपस), विकास नगर स्थित शताब्दी भवन में प्रातः 10:30 बजे से भव्य ‘आरोग्य मंथन’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस विशेष कार्यक्रम में बीमित श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए कई नई डिजिटल एवं स्वास्थ्य संबंधी पहलों की शुरुआत की जाएगी।

इस अवसर पर बीमितों की सुविधा हेतु QR-इनेब्ल्ड माइक्रोसाइट, महिलाओं के लिए विशेष आरोग्य शक्ति अभियान तथा ‘आरोग्य संकल्प’ पुस्तिका का लोकार्पण किया जाएगा। इन सभी महत्वपूर्ण पहलों का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री अनिल राजभर, माननीय मंत्री, श्रम एवं सेवायोजन एवं समन्वय विभाग, उत्तर प्रदेश के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि डॉ. एम.के.एस. सुन्दरम्, प्रमुख सचिव, श्रम एवं सेवायोजन की गरिमामयी उपस्थिति भी रहेगी।

कर्मचारी राज्य बीमा योजना का उद्देश्य प्रारंभ से ही श्रमिकों और उनके परिवारों को सुलभ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना रहा है। इसी लक्ष्य की निरंतरता में ‘आरोग्य मंथन’ के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, उपलब्धता और सुधार के संबंध में बीमितों के बीच जागरूकता बढ़ाने की दिशा तय की जाएगी।

अशोका विश्वविद्यालय के सीएसबीसी के सहयोग से विकसित की गई QR-इनेब्ल्ड माइक्रोसाइट बीमित श्रमिकों को आवश्यक जानकारी और सेवाओं तक सरल, त्वरित और पारदर्शी डिजिटल पहुंच प्रदान करेगी। वहीं, आरोग्य शक्ति अभियान महिला बीमितों के स्वास्थ्य संरक्षण हेतु एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके अंतर्गत व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण और जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में विभिन्न उद्यमी संघों, ट्रेड यूनियनों, नियोजक प्रतिनिधियों, राज्य/केंद्र के संबंधित विभागों के अधिकारी, श्रमायुक्त कार्यालय, कर्मचारी राज्य बीमा निगम एवं अन्य गणमान्य प्रतिनिधियों की उपस्थिति अपेक्षित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *