मथुरा। रिफाइनरी थाना क्षेत्र के 9 नंबर गेट के पास सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टैंकर और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में बेरी गांव निवासी राजेश उर्फ़ पोलु पंडित की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, राजेश उर्फ़ पोलु पंडित गांव में आयोजित एक शादी समारोह से बाइक पर सवार होकर वापस घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
स्थानीय लोगों ने दुर्घटना के पीछे सर्विस रोड पर गलत व अवैध तरीके से खड़े ट्रक और सीएनजी टैंकरों को जिम्मेदार ठहराया। लोगों का कहना है कि लंबे समय से सर्विस रोड पर भारी वाहन खड़े रहते हैं, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं।
सूचना मिलने पर थाना रिफाइनरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उठाने का प्रयास किया, लेकिन गुस्साए लोग भड़क गए और पुलिस से नोकझोंक हो गई। स्थिति को किसी तरह शांत कराया गया।

