डीएम पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक ने जिला कारागार का किया संयुक्त निरीक्षण

सलोनी तिवारी: चित्रकूट: जिला कारागार में जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से व्यापक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कारागार की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों की सुविधाओं तथा पुनर्वास गतिविधियों की गहन समीक्षा की गई।

सबसे पहले अधिकारियों ने कारागार में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का परीक्षण किया, जो पूर्णतः क्रियाशील पाए गए। डीएम और एसपी ने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

महिला बैरक के निरीक्षण के दौरान वहाँ संचालित विद्यालय में स्मार्ट टेलीविजन और बच्चों के लिए खेल सामग्री उपलब्ध पाई गई। डीएम पुलकित गर्ग ने निर्देश दिए कि इन सुविधाओं का नियमित उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहयोग मिल सके।

महिला बंदियों के कौशल विकास को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों ने सिलाई, मेहंदी एवं अन्य रुचि आधारित प्रशिक्षण कोर्स शुरू कराने के निर्देश भी दिए, जिससे बंदियों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल सके।

निरीक्षण के दौरान पाकशाला (किचन) का भी जायजा लिया गया, जहाँ बंदियों के लिए निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन तैयार पाया गया। भोजन की गुणवत्ता को संतोषजनक बताया गया।

अहम बात यह रही कि निरीक्षण के समय कारागार परिसर में कोई भी आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली, जिससे जेल प्रशासन की सतर्कता और नियमित निगरानी की पुष्टि होती है।

निरीक्षण के अंत में डीएम पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक ने कारागार प्रशासन को आवश्यक दिशानिर्देश दिए और कहा कि बंदियों की सुरक्षा, सुधार एवं सुविधाओं का संतुलन प्राथमिकता के साथ बनाए रखा जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *