सलोनी तिवारी: कानपुर। बिल्हौर के अरौल थानाक्षेत्र अंतर्गत आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से बिहार जा रही एक डबल-डेकर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। मीडिया में आ रही ख़बरों के अनुसार भीषण हादसे में 3 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, बस दिल्ली से बिहार की ओर जा रही थी। तड़के भोर के समय जब बस अरौल क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के मोड़ पर पहुंची, तभी चालक का संभवतः वाहन से नियंत्रण हट गया। तेज रफ्तार के चलते बस सीधे असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि बस के परखच्चे तक उड़ गए और कई यात्री बस में ही फंस गए।
पुलिस-प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही अरौल पुलिस और एक्सप्रेसवे सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची तथा राहत-बचाव कार्य शुरू किया। फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकालकर तत्काल सीएचसी ले जाया गया।
15 गंभीर घायलों को हैलट रेफर
दुर्घटना में घायल दो दर्जन से अधिक यात्रियों में से 15 की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, पुलिस ने तीनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और उनकी शिनाख्त कराई जा रही है।

