“नो-हेलमेट चालान वालों के लिए अब लॉटरी में मिलेगा सरकारी हेलमेट, चित्रकूट पुलिस की अनोखी पहल”

चित्रकूट। सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस की कड़ी कार्रवाई तो आप हमेशा देखते आए हैं, लेकिन इस बार चित्रकूट पुलिस ने नियम तोड़ने वालों के लिए भी एक अनोखा अवसर तैयार किया है। नवंबर माह के यातायात अभियान में नो-हेलमेट चालान भले ही आपके खाते में दर्ज हो गया हो, लेकिन अब वही चालान आपको हेलमेट गिफ्ट दिला सकता है।

एसपी अरुण कुमार सिंह की पहल पर नो-हेलमेट चालान वालों की लिस्ट से लॉटरी निकाली जाएगी। चयनित वाहन स्वामी को खुद एसपी द्वारा सरकारी हेलमेट पहनाया जाएगा। यह कदम केवल नियम पालन की सीख नहीं देता, बल्कि एक सकारात्मक विश्वास भी पैदा करता है कि पुलिस नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोपरि मानती है।

ट्रैफिक डिप्टी एसपी यामीन अहमद ने बताया कि जल्द ही इस कार्यक्रम की तारीख घोषित कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हर साल मनाए जाने वाले यातायात माह को अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए इस बार कुछ नया और प्रेरक करना आवश्यक था।

धनुष चौराहे पर स्थित यातायात कमांड सेंटर में जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस के इस फैसला की जनता ने खूब सराहना की। युवाओं ने कहा कि यह पहल लोगों की सोच बदलेगी और हेलमेट को बोझ नहीं, सुरक्षा का अहम साधन समझने में मदद करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *