बुजुर्गों को निशाना बना रहे साइबर ठग: जीवन प्रमाण पत्र के नाम पर भेज रहे खतरनाक APK, मोबाइल हैक होते ही हो सकता है बैंक अकाउंट साफ

सलोनी तिवारी: देशभर में साइबर क्राइम लगातार बढ़ता जा रहा है, और अब हैकर्स ने एक नया तरीका निकाल लिया है जिससे वो लोगों के बैंक अकाउंट तक भी एक्सेस कर  पा रहे हैं। हाल ही में ऐसा मामला सामने आया है जिसमें ऑनलाइन जीवन प्रमाण पत्र भरने वाले बुजुर्गों को निशाना बनाया जा रहा है। स्कैमर्स बेहद चालाकी से उनका भरोसा जीतकर पूरे मोबाइल का एक्सेस अपने हाथ में ले रहे हैं।

 बुजुर्गों को बनाया जा रहा है निशाना

पेंशन लेने वाले बुजुर्ग या वे लोग जो ऑनलाइन जीवन प्रमाण पत्र (Life Certificate) सबमिट कर रहे हैं, उन्हें साइबर अपराधी फोन कर रहे हैं। वे खुद को सरकारी कर्मचारी, बैंक अधिकारी या सर्विस एजेंट बताकर कहते हैं कि—
“आपका जीवन प्रमाण पत्र रीजेक्ट हो गया है, हमने आपके व्हाट्सऐप पर नया फॉर्म भेजा है, उसे अभी डाउनलोड कर लें।”

 व्हाट्सऐप पर भेजा जा रहा है फर्जी फॉर्म

कॉल पर रहते हुए स्कैमर बुजुर्गों को दबाव में रखते हैं और WhatsApp खोलने के लिए कहते हैं। फिर वे एक फर्जी ऑनलाइन फॉर्म भेजते हैं, जो वास्तव में एक खतरनाक APK फाइल का लिंक होता है। इस लिंक को वैध फॉर्म समझकर कई लोग डाउनलोड कर लेते हैं।

फॉर्म नहीं, फोन हैकिंग सॉफ्टवेयर होता है APK

जैसे ही पीड़ित APK फाइल इंस्टॉल करता है, उसके मोबाइल का पूरा कंट्रोल स्कैमर के हाथ में चला जाता है।
इसके जरिए:

  • मोबाइल स्क्रीन लाइव देख सकते हैं

  • OTP पढ़ सकते हैं

  • बैंकिंग ऐप्स ओपन कर सकते हैं

  • पासवर्ड और PIN चुरा सकते हैं

  • पूरी मोबाइल गैलरी, कांटैक्ट, मैसेज तक पहुंच बना सकते हैं

कुछ ही मिनटों में पीड़ित के बैंक अकाउंट से पैसे साफ हो जाते हैं।

 साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट की चेतावनी

साइबर विशेषज्ञों ने बताया है कि यह स्कैम तेजी से फैल रहा है और खासकर बुजुर्गों को टारगेट किया जा रहा है क्योंकि वे तकनीकी मामलों में अधिक सतर्क नहीं रहते।

✔️ जीवन प्रमाण पत्र भरने वालों के लिए जरूरी अलर्ट

  • किसी अनजान नंबर से आए कॉल पर भरोसा न करें।

  • व्हाट्सऐप लिंक या APK फाइल कभी भी डाउनलोड न करें।

  • जीवन प्रमाण पत्र केवल सरकारी Jeevan Pramaan Portal या नजदीकी CSC केंद्र द्वारा ही बनवाएं।

  • कोई भी सरकारी विभाग व्हाट्सऐप लिंक नहीं भेजता।

  • फोन पर अपनी KYC, OTP, ATM कार्ड, PIN जैसी कोई जानकारी न दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *