कानपुर, 12 नवंबर 2025 — थाना बाबूपुरवा क्षेत्र के बाकरगंज बाजार में आज अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) श्री दीपक शर्मा जी के निर्देशन में फायर ब्रिगेड की 10 यूनिटें तत्काल मौके पर पहुंचीं और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।आग लकड़ी और टीनशेड से बनी दुकानों में लगी थी, जिसके कारण आग ने तेजी से फैलकर आसपास की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि, अग्निशमन दल की तत्परता और समन्वित प्रयासों से आग को समय रहते बुझा लिया गया।फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कई घंटे तक लगातार पानी की बौछारों और फोम का प्रयोग कर आग को बुझाने का प्रयास जारी रखा। राहत की बात यह रही कि इस भीषण आग में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

