मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखपुर नगर निगम परिसर से सरदार वल्लभभाई पटेल की स्मृति में एकता यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत संबोधन में कहा कि “भारत में अब फिर कोई जिन्ना पैदा न होने पाए, और अगर कोई जिन्ना पैदा होता है तो उसे दफन करना होगा।” मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें सावधान रहना होगा ताकि देश में दोबारा विभाजन जैसी स्थिति कभी न बने, क्योंकि हमारे लिए राष्ट्र से बड़ा कुछ भी नहीं है।
योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अब उत्तर प्रदेश के हर स्कूल में ‘वंदे मातरम’ का गायन अनिवार्य रूप से कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कदम विद्यार्थियों में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को सशक्त करेगा।
सीएम योगी ने कहा – वंदे मातरम और सरदार पटेल के 150 वर्ष पूरे
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष ‘वंदे मातरम’ गीत के 150 वर्ष और सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती है। उन्होंने कहा कि 1896 से 1922 तक कांग्रेस के हर अधिवेशन में यह गीत गाया जाता था, लेकिन 1923 में जब मोहम्मद अली जौहर कांग्रेस के अध्यक्ष बने, तब उन्होंने वंदे मातरम गाने से इनकार कर दिया।
योगी ने कहा – “भारत के अंदर अब कोई नया जिन्ना पैदा न हो, यह हर नागरिक की जिम्मेदारी है। जिन्ना अगर पैदा होता है तो उसे दफन करना होगा।”
“वंदे मातरम” के विरोध से हुआ था देश का विभाजन – योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री ने कहा कि “वंदे मातरम” का विरोध ही भारत के विभाजन का दुर्भाग्यपूर्ण कारण बना था। अगर उस समय कांग्रेस ने मोहम्मद अली जौहर को अध्यक्ष पद से हटाकर ‘वंदे मातरम’ का सम्मान किया होता तो देश का विभाजन टल सकता था।
उन्होंने बताया कि 1937 में कांग्रेस ने वंदे मातरम गीत में संशोधन के लिए एक कमेटी बनाई थी, जिसने अपनी रिपोर्ट में कहा कि इसमें देवी स्वरूप शब्दों को हटाया जाए। योगी ने कहा कि यह देश के आत्मसम्मान पर प्रहार था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में हर शिक्षण संस्थान में ‘वंदे मातरम’ का गायन अनिवार्य होगा ताकि हर नागरिक के मन में भारत माता के प्रति गर्व और सम्मान का भाव जागृत हो सके।
प्रमुख बिंदु:
-
गोरखपुर में सीएम योगी ने एकता यात्रा को दिखाई हरी झंडी
-
भारत में “जिन्ना जैसी मानसिकता” को दफन करने का आह्वान
-
यूपी के सभी स्कूलों में ‘वंदे मातरम’ गायन अनिवार्य होगा
-
‘वंदे मातरम’ के विरोध को बताया देश विभाजन का कारण
-
सरदार पटेल जयंती और वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर दिया संदेश

