दिल्ली-एनसीआर में आतंकी हमले की एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश हुआ है। जम्मू-कश्मीर पुलिस और गुजरात एटीएस की संयुक्त कार्रवाई में हरियाणा के फरीदाबाद से एक कश्मीरी मूल के डॉक्टर मुजाहिल शकील को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के घर से अमोनियम नाइट्रेट, एक राइफल, 84 कारतूस और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री सहित कुल 14 बैग बरामद किए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई पिछले कुछ दिनों से चल रही खुफिया निगरानी के बाद की गई। रविवार को आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने फरीदाबाद स्थित उसके आवास पर छापेमारी की, जहां से लगभग पांच लीटर रासायनिक पदार्थ और बड़ी मात्रा में अमोनियम नाइट्रेट जब्त हुआ। माना जा रहा है कि यह सामान किसी बड़े आतंकी हमले की तैयारी के लिए इकट्ठा किया गया था।
इस पूरे अभियान में इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) की टीम भी शामिल रही। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल कहाँ और किस उद्देश्य के लिए होने वाला था। इस बरामदगी के बाद दिल्ली-एनसीआर में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
जांच एजेंसियों को आशंका है कि आरोपी किसी आतंकी संगठन से संपर्क में था और लंबे समय से देश विरोधी गतिविधियों की तैयारी कर रहा था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में है।

