कानपुर में चार दोस्तों ने की युवक की बेरहमी से पिटाई, इलाज के दौरान हुई मौत

कानपुर। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां चार दोस्तों ने मिलकर एक युवक की इतनी बेरहमी से पिटाई कर दी कि उसकी मौत हो गई। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। यह घटना रावतपुर थाना क्षेत्र के गोपाल टावर के पास की बताई जा रही है।

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक लकी रावतपुर थाना क्षेत्र के गोपाल टावर के पास एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। उसका पड़ोस की एक लड़की से प्रेम संबंध था। यह बात उसके दोस्तों को पसंद नहीं थी। उन्होंने कई बार लकी को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी प्रेमिका से रिश्ता तोड़ने को तैयार नहीं हुआ। इसी बात से नाराज़ होकर उसके दोस्तों ने उसकी हत्या की साजिश रच डाली।

 रास्ते में रोककर की बेरहमी से पिटाई
घटना की रात लकी अपनी बाइक में तेल भरवाने के लिए निकला था। तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे चार लड़कों ने उसे रोक लिया और लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की। गंभीर हालत में लकी को पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज से मना कर दिया। इसके बाद परिजन उसे कार्डियोलॉजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *