कानपुर -कल्याणपुर गणपति कॉम्प्लेक्स में भीषण आग: सात कपड़ों की दुकानें जलकर राख

कानपुर के कल्याणपुर बाजार स्थित गणपति कॉम्प्लेक्स में शनिवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि बेसमेंट में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जिसने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटों ने बेसमेंट में बनी सात कपड़ों की दुकानों को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। व्यापारियों ने करीब एक करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया है।

तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) कानपुर नगर के आदेशानुसार मिनी कंट्रोल रूम द्वारा फायर स्टेशनों फजलगंज, पनकी, बिठूर और कर्नलगंज से फायर टेंडर के साथ वरिष्ठ अग्निशमन अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल रवाना किया गया।

आग की भीषणता देखते हुए CFO स्वयं भी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर पाया गया कि भवन बेसमेंट, ग्राउंड और प्रथम तल तक निर्मित है। बेसमेंट से अत्यधिक तापमान और धुआं निकल रहा था, जिसके कारण प्रारंभ में भीतर प्रवेश कर आग बुझाना संभव नहीं था। इसके बाद फायर कर्मियों को BA सेट पहनाकर बेसमेंट में भेजा गया और अग्निशमन कार्य तेजी से आरंभ किया गया।

कानपुर नगर अग्निशमन विभाग की 07 फायर यूनिट्स और 01 रेस्क्यू यूनिट ने अपनी जान की परवाह न करते हुए साहसिक तरीके से काम करते हुए आग को अन्य भवनों और बाजार में फैलने से रोका। विभाग की तत्परता और टीमवर्क से समय रहते आग को पूरी तरह बुझा दिया गया।

अग्निशमन विभाग की इस तेज और साहसिक कार्रवाई की बदौलत कॉम्प्लेक्स के ऊपरी हिस्से, आसपास की दुकानें और पूरा घना बाजार सुरक्षित बचा लिया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी कानपुर नगर के कुशल नेतृत्व में अग्निशमन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस भीषण अग्निकांड में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं होने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *