मिर्जापुर के चुनार स्टेशन पर बड़ा हादसा: गंगा स्नान को जा रहे छह श्रद्धालु ट्रेन की चपेट में आए, मौत

सलोनी तिवारी: मिर्जापुर। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगा स्नान के लिए निकले श्रद्धालुओं के लिए पर्व का  दिन एक दर्दनाक हादसे में बदल गया। मिर्जापुर के चुनार रेलवे स्टेशन पर कालका-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से आधा दर्जन लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब कुछ यात्री ट्रेन से उतरते समय गलत दिशा में प्लेटफॉर्म की बजाय ट्रैक की ओर उतर गए, और उसी दौरान दूसरी ओर से आ रही तेज रफ्तार ट्रेन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, श्रद्धालु कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए गंगा घाट की ओर जा रहे थे। ट्रेन स्टेशन पर रुकी, लेकिन भीड़ के चलते कई यात्री भ्रमित होकर दूसरी तरफ उतर गए। उसी वक्त कालका-हावड़ा एक्सप्रेस गुजर रही थी, जिससे छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। स्टेशन पर भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे प्लेटफॉर्म के निर्धारित दिशा से ही ट्रेन में चढ़ें या उतरें, और ट्रैक पार करने से पूरी तरह बचें।
यह हादसा कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान करने जा रहे श्रद्धालुओं के लिए एक दर्दनाक चेतावनी बन गया है कि थोड़ी सी लापरवाही कितनी बड़ी त्रासदी में बदल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *