सलोनी तिवारी: लखनऊ : उत्तर प्रदेश स्टाम्प एवं पंजीयन विभाग ने एक बड़ा निर्णय लेते हुए प्रदेशभर में चार दिनों तक रजिस्ट्री प्रक्रिया को अस्थायी रूप से रोकने की घोषणा की है। विभाग द्वारा जारी सर्कुलर के अनुसार, ऑनलाइन पोर्टल संचालित करने वाले एनआईसी के मेघराज क्लाउड सर्वर को अब नेशनल गवर्नमेंट क्लाउड (NGC) पर स्थानांतरित किया जाना प्रस्तावित है।
इस तकनीकी प्रक्रिया के तहत 8 नवंबर से 11 नवंबर 2025 तक सर्वर के रखरखाव एवं स्थानांतरण का कार्य किया जाएगा। इस अवधि में आम जनता द्वारा ऑनलाइन लेखपत्र पंजीकरण एवं अन्य आवेदनों का कार्य अस्थायी रूप से बाधित रहेगा।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन चार दिनों के दौरान प्रदेश के सभी उप निबंधक कार्यालयों में रजिस्ट्री (Registration) का कार्य नहीं हो सकेगा। साथ ही सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे इस सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार करें ताकि आमजन, अधिवक्ता, दस्तावेज लेखक एवं संबंधित व्यक्तियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके अलावा, सर्कुलर में यह भी कहा गया है कि 10 और 11 नवंबर को सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने कार्यालयों में उपस्थित रहेंगे तथा आवश्यकतानुसार सर्वर टेस्टिंग और सिस्टम चेकिंग के कार्य में सहयोग करेंगे।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक यह निर्णय पंजीयन प्रणाली को और अधिक सुरक्षित, पारदर्शी एवं कुशल बनाने के उद्देश्य से लिया गया है। सर्वर स्थानांतरण के बाद रजिस्ट्री प्रक्रिया में तेजी और स्थिरता आने की उम्मीद जताई जा रही है।