बाराबंकी में भीषण सड़क हादसा: बिठूर दर्शन से लौट रही अर्टिगा कार ट्रक से भिड़ी, 6 की मौत, 2 गंभीर

बाराबंकी जिले के देवां थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। देवां-फतेहपुर मार्ग पर कल्याणी नदी पुल के आगे कुतुलपुर गांव के पास एक अर्टिगा कार सामने से आ रहे ट्रक से भीषण टक्कर में जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्रक के नीचे तक घुस गई, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे सभी आठ लोगों को बाहर निकाला गया और सीएचसी देवां पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया। दो अन्य घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अर्टिगा कार अपनी लेन छोड़कर सामने से आ रहे ट्रक की लेन में चली गई थी, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।

मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  • श्रीकांत शुक्ल (40), निवासी मोहम्मदपुर खाला (कार चालक)

  • प्रदीप रस्तोगी (60), निवासी फतेहपुर कस्बा

  • माधुरी रस्तोगी (58), पत्नी प्रदीप रस्तोगी

  • नितिन (45)

  • नैमिष (25)

  • कृष्णा (15)

सभी लोग बिठूर दर्शन के बाद अपने घर लौट रहे थे। बताया गया कि कार फतेहपुर निवासी गिरधर गोपाल की थी, जिसे चालक श्रीकांत शुक्ल चलाते थे। उन्होंने प्रदीप रस्तोगी के परिवार को सोमवार सुबह बिठूर ले जाकर शाम को वापसी के दौरान यह हादसा हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *