सलोनी तिवारी: चक्रवाती तूफान मोंथा का असर अब धीरे-धीरे खत्म हो गया है। बारिश और तेज हवाएं थमने के बाद अब उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कोहरे का असर बढ़ने लगा है। तराई वाले इलाकों में घना कोहरा और अन्य क्षेत्रों में हल्का से मध्यम कोहरा देखा जा रहा है, जिससे सुबह के समय दृश्यता पर असर पड़ा है।
तूफान के कमजोर पड़ने से आसमान अब साफ है और दिन में गुनगुनी धूप खिल रही है। इससे अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं, रात के समय न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट शुरू हो गई है। फिलहाल यह तापमान सामान्य से 3 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहा है, लेकिन अगले एक-दो दिनों में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की जा सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ से बदल सकता है मौसम:
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार से पहाड़ों पर सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ का असर मंगलवार को उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में देखने को मिल सकता है। इससे कुछ जगहों पर बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है।
लखनऊ का मौसम:
राजधानी लखनऊ में रविवार को सुबह हल्का कोहरा छाया रहा, जबकि दिन में आसमान साफ रहा और धूप खिली रही। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को भी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है — सुबह हल्का कोहरा और दिन में साफ आसमान के साथ अधिकतम 30 और न्यूनतम 20 डिग्री तापमान रहेगा।
यूपी का सबसे ठंडा जिला:
रविवार को बरेली उत्तर प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, सबसे अधिक तापमान कानपुर देहात में 32 डिग्री सेल्सियस रहा।

