विक्रमशिला एक्सप्रेस में बम और आतंकी की सूचना से मचा हड़कंप, अलीगढ़ स्टेशन पर 42 मिनट तक चली जांच

भागलपुर से आनंद विहार जा रही विक्रमशिला एक्सप्रेस ट्रेन (संख्या 12367) में रविवार सुबह बम और आतंकवादी होने की सूचना पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन को अलीगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 5 पर सुबह 05:58 बजे रोका गया, जहां सुरक्षा बलों ने तत्काल जांच शुरू की।

सूचना के बाद आरपीएफ, जीआरपी, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की टीमों ने ट्रेन की बारीकी से तलाशी ली। करीब 42 मिनट तक चली सघन जांच के बाद भी कोई संदिग्ध वस्तु, व्यक्ति या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। इसके बाद ट्रेन को सामान्य रूप से आनंद विहार के लिए रवाना कर दिया गया।

आरपीएफ के सहायक आयुक्त गुलजार सिंह ने बताया कि रेलवे कंट्रोल रूम को सुबह 05:20 बजे यह सूचना मिली थी कि ट्रेन में बम और आतंकी मौजूद हैं। तुरंत सतर्कता बरतते हुए ट्रेन को नॉनस्टॉप सफर के बीच अलीगढ़ स्टेशन पर रोका गया।

उन्होंने कहा कि त्योहारों और सहालग सीजन को देखते हुए रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। आरपीएफ और जीआरपी की टीमें लगातार चेकिंग अभियान चला रही हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रख रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *