लंदन जा रही ट्रेन में चाकूबाजी से मचा हड़कंप, कई घायल – दो संदिग्ध गिरफ्तार

ब्रिटेन में शनिवार देर रात एक भयावह घटना ने पूरे देश को दहला दिया। लंदन की ओर जा रही एक ट्रेन में चाकूबाजी की वारदात से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना पूर्वी इंग्लैंड के कैम्ब्रिजशायर के हंटिंगडन स्टेशन के पास हुई, जहां सशस्त्र पुलिस और आपातकालीन सेवाओं ने तुरंत बड़ी कार्रवाई की।

ब्रिटिश ट्रांसपोर्ट पुलिस के अनुसार, डोनकास्टर से लंदन किंग्स क्रॉस स्टेशन जा रही ट्रेन में करीब शाम 7:40 बजे अलार्म बजा, जिसके बाद ट्रेन को हंटिंगडन स्टेशन पर रोक दिया गया। मौके पर भारी पुलिस बल, एम्बुलेंस और एयर एम्बुलेंस की टीम पहुंची। कई घायलों को अस्पताल ले जाया गया है, जबकि ब्रिटिश मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब 10 लोग घायल हुए हैं। दो संदिग्धों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

घटना के बाद ट्रेन को क्राइम सीन के रूप में सील कर दिया गया है और जांच जारी है। ईस्ट ऑफ इंग्लैंड एम्बुलेंस सर्विस ने पुष्टि की कि कई मरीजों को अस्पताल पहुंचाया गया है।

गवाहों ने बताया, ट्रेन में अचानक एक व्यक्ति ने बड़ा चाकू लहराना शुरू कर दिया। चारों ओर खून फैल गया, यात्री वॉशरूम और सीटों के नीचे छिपने लगे। एक यात्री ने बताया, “लोगों की चीखें सुनाई दे रही थीं, कोई चिल्ला रहा था ‘वी लव यू’… स्थिति बेहद डरावनी थी।”
स्काई न्यूज के अनुसार, पुलिस ने एक संदिग्ध को टेजर गन से काबू में किया।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीयर स्टार्मर ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की और कहा, “यह भयानक और अत्यंत चिंताजनक घटना है। मेरी संवेदनाएं सभी प्रभावित लोगों के साथ हैं।” उन्होंने लोगों से पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *