कुपवाड़ा में रहस्यमय विस्फोट, क्रिकेट खेलते समय चार बच्चे घायल — जांच में जुटी पुलिस

सलोनी तिवारी: जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में बुधवार को एक रहस्यमय विस्फोट में चार बच्चे घायल हो गए। यह घटना हंदवाड़ा के तूतीगुंड गाँव में हुई, जहाँ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। अचानक हुए धमाके से इलाके में अफरातफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों की पहचान उज़ैर ताहिर पुत्र ताहिर अहमद बट, साजिद राशिद पुत्र अब्दुल राशिद सोफी, हाजिम शब्बीर पुत्र शब्बीर अहमद बेग, और जैयान ताहिर पुत्र ताहिर अहमद के रूप में हुई है। ये सभी तूतीगुंड कुलनगाम क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

शुरुआती जांच के अनुसार, मैदान में कोई पुराना लावारिस विस्फोटक पड़ा हुआ था, जिसमें धमाका हुआ। पुलिस ने मौके से कुछ सबूत एकत्रित किए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल सभी घायल बच्चों का उपचार जिला अस्पताल हंदवाड़ा में जारी है।

इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु को छूने से पहले प्रशासन को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *