चंदौली में दर्दनाक हादसा: छठ पूजा के लिए जा रहे तीन श्रद्धालुओं को ट्रक ने कुचला

उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में छठ पूजा के लिए जा रहे श्रद्धालुओं के साथ बड़ा हादसा हो गया। मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे अलीनगर थाना क्षेत्र के पंचफेफड़ा गांव के पास नेशनल हाईवे-19 पर एक अनियंत्रित ट्रक ने तीन श्रद्धालुओं को रौंद दिया। हादसे में दो महिलाओं और एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान चांदनी देवी (30 वर्ष), कुमारी देवी (45 वर्ष) और 7 वर्षीय सौरभ के रूप में हुई है। तीनों छठ घाट की ओर पूजा करने जा रहे थे कि तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया, परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है।

इस दर्दनाक सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और अधिकारियों को तत्काल सहायता और आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।

छठ पर्व के मौके पर हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक और आक्रोश में डाल दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *