मध्य प्रदेश के इंदौर शहर से एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की दो खिलाड़ियों के साथ छेड़छाड़ की गई। यह घटना होटल रेडिसन ब्लू के पास हुई, जहां पूरी टीम ठहरी हुई थी।
जानकारी के मुताबिक, दोनों खिलाड़ी होटल से पास के एक कैफे की ओर पैदल जा रही थीं, तभी बाइक पर सवार दो युवकों ने उनका पीछा करते हुए छेड़खानी शुरू कर दी। महिला खिलाड़ियों ने तत्काल अपने मोबाइल से एसओएस (SOS) अलर्ट भेजा। सूचना मिलते ही सुरक्षा अधिकारी डेनी सिमंस मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।
इसके बाद डेनी सिमंस ने एमआईजी थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी अकील को गिरफ्तार कर लिया है।
सूत्रों के अनुसार, ये दोनों खिलाड़ी हाल ही में आईसीसी महिला विश्व कप में ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा रह चुकी हैं और वर्तमान में पूरी टीम रेडिसन ब्लू होटल में ठहरी हुई है।

