योगी सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: अर्चना अग्रवाल बनीं नई प्रमुख सचिव परिवहन, अमित गुप्ता से विभाग का प्रभार वापस

सलोनी तिवारी: लखनऊ: योगी सरकार ने गुरुवार शाम प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए दो आईएएस अधिकारियों का तबादला किया है। प्रतीक्षारत अपर मुख्य सचिव अर्चना अग्रवाल को परिवहन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन और अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं, अब तक परिवहन विभाग की कमान संभाल रहे आईएएस अमित कुमार गुप्ता से यह प्रभार वापस ले लिया गया है। वे अब केवल प्रमुख सचिव, स्टांप एवं पंजीयन विभाग के रूप में कार्यरत रहेंगे। यह वही विभाग है जिसका दायित्व पहले से ही उनके पास था।

गौरतलब है कि अप्रैल 2025 में अमित कुमार गुप्ता को परिवहन विभाग के प्रमुख सचिव और यूपी रोडवेज निगम के अध्यक्ष की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई थी। करीब छह महीने बाद सरकार ने उनसे यह जिम्मेदारी वापस लेकर अर्चना अग्रवाल को यह अहम पद सौंपा है।

अमित कुमार गुप्ता का लिम्का रिकॉर्ड में नाम:
आईएएस अमित कुमार गुप्ता के नाम लिम्का बुक ऑफ नेशनल रिकॉर्ड में अनोखा रिकॉर्ड दर्ज है। अपने 15 साल के फील्ड कार्यकाल में उन्हें 14 बार तबादलों का सामना करना पड़ा। वे देश के उन चुनिंदा अधिकारियों में से हैं जिन्होंने सबसे अधिक जिलों में जिलाधिकारी के रूप में कार्य किया है।

अर्चना अग्रवाल की 15 साल बाद परिवहन विभाग में वापसी:
आईएएस अर्चना अग्रवाल पहले भी वर्ष 2009-10 में उत्तर प्रदेश की ट्रांसपोर्ट कमिश्नर रह चुकी हैं। अब 15 साल बाद एक बार फिर वह इस विभाग में लौट रही हैं। उस समय विभाग मैन्युअल सिस्टम पर चलता था, लेकिन अब परिवहन विभाग पूरी तरह डिजिटल और टेक्नोलॉजी आधारित हो चुका है। ऐसे में उन्हें विभाग की नई तकनीकी कार्यप्रणाली को समझने का मौका मिलेगा।

अब दो महिला अफसरों के हाथ में परिवहन विभाग की कमान:
पिछले माह ही आईएएस किंजल सिंह को ट्रांसपोर्ट कमिश्नर के पद पर तैनाती दी गई थी। अब अर्चना अग्रवाल को प्रमुख सचिव परिवहन और निगम अध्यक्ष बनाया गया है। इस तरह अब उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग की कमान दो महिला आईएएस अधिकारियों के हाथ में है, जिससे विभाग में नई कार्य संस्कृति और दक्षता की उम्मीद की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *