मथुरा में बड़ा रेल हादसा: मालगाड़ी के 12 डिब्बे पटरी से उतरे, आगरा-दिल्ली रेल मार्ग ठप

सलोनी तिवारी: मथुरा। मंगलवार रात मथुरा में एक बड़ा रेल हादसा हो गया। वृंदावन-छटीकरा मार्ग के बीच से गुजर रही एक मालगाड़ी अचानक डिरेल हो गई। हादसे में मालगाड़ी के 12 डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे रेल यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

जानकारी के अनुसार, आगरा से दिल्ली की ओर जा रही यह मालगाड़ी कोयला लेकर रवाना हुई थी। रात करीब 8:30 बजे पिलर संख्या 1408 के पास ट्रेन के डिब्बे की कपलिंग खुलने से नियंत्रण बिगड़ गया और कई बोगियां पलट गईं। हादसे के बाद कोयला अप, डाउन और तीसरी-चौथी लाइन पर बिखर गया, जिससे ट्रेनों की आवाजाही रुक गई।

सूचना मिलते ही रेल प्रशासन, आगरा एडीआरएम, एनडीआरएफ और आरपीएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य में जुट गईं। देर रात तक मलबा हटाने का कार्य जारी रहा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, करीब 12 से अधिक ट्रेनें प्रभावित हुई हैं, और अप, डाउन व तीसरी लाइन पर यातायात रोक दिया गया है। चौथी लाइन से ट्रेनों को निकाला जा रहा है ताकि आवागमन जल्द से जल्द सामान्य हो सके।

फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन हादसे के कारण दिल्ली-आगरा रेलमार्ग पर ट्रेनों के संचालन पर बड़ा असर पड़ा है। देर रात तक रेलवे टीमें राहत एवं पुनर्स्थापन कार्य में लगी रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *