प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से की मुलाकात, दी दीपावली की शुभकामनाएं

सलोनी तिवारी: नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार (20 अक्टूबर, 2025) को दीपावली के शुभ अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भेंट कर उन्हें दीपों के पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रपति भवन में हुई इस औपचारिक मुलाकात की तस्वीरें राष्ट्रपति कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स (X) पर साझा कीं। पोस्ट में बताया गया कि प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति मुर्मू से भेंट कर उन्हें दीपावली की बधाई दी और देशवासियों के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।


पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी पहुंचे राष्ट्रपति भवन

प्रधानमंत्री मोदी से पहले पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अपने परिवार सहित राष्ट्रपति भवन पहुंचे और राष्ट्रपति मुर्मू को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रपति कार्यालय ने इस अवसर की तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि यह सौहार्दपूर्ण मुलाकात दीपावली के पारंपरिक उल्लास को दर्शाती है।


दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी दी शुभकामनाएं

एक अन्य पोस्ट में राष्ट्रपति कार्यालय ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की तस्वीर साझा की, जिसमें वे राष्ट्रपति मुर्मू को दीपावली की बधाई देते हुए नजर आईं। इस मौके पर मुख्यमंत्री गुप्ता ने राजधानी की जनता की ओर से राष्ट्रपति को शुभकामनाएं दीं।


राष्ट्रपति मुर्मू ने देशवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं

दीपावली की सुबह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश और विदेशों में रह रहे सभी भारतीयों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा —

“दीपावली अंधकार पर प्रकाश, अज्ञान पर ज्ञान और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। यह त्योहार प्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश देता है।”

उन्होंने आगे कहा —

“दीपावली आनंद और उत्सव का पर्व ही नहीं, बल्कि आत्मचिंतन और आत्मसुधार का अवसर भी है। जिस प्रकार एक दीपक से अनेक दीपक प्रज्वलित होते हैं, उसी प्रकार हम समाज के जरूरतमंदों की सहायता कर उनके जीवन में खुशहाली ला सकते हैं।”

राष्ट्रपति ने सभी नागरिकों से पर्यावरण की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए सुरक्षित दीपावली मनाने की अपील की और कहा कि यह पर्व सबके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *