काशी में उमड़ा आस्था का सैलाब: माता अन्नपूर्णा के स्वर्णमयी दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालुओं की भीड़

सलोनी तिवारी: वाराणसी: देशभर में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में काशी में भी माता अन्नपूर्णा देवी के स्वर्णमयी दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। धनतेरस से शुरू हुए इस दिव्य आयोजन में अब तक 5 लाख से अधिक श्रद्धालु माता अन्नपूर्णा के दर्शन कर चुके हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, दीपावली पर्व के दौरान वाराणसी के प्रसिद्ध माता अन्नपूर्णा मंदिर में स्वर्णमयी प्रतिमा के दर्शन की परंपरा है। इस दौरान श्रद्धालुओं को ‘लावा प्रसाद रूपी खजाना’ भी आशीर्वाद के रूप में दिया जाता है।

8 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान

मंदिर प्रशासन के मुताबिक, दीपावली तक करीब 8 लाख भक्तों के दर्शन करने का अनुमान है। माता अन्नपूर्णा के आशीर्वाद से घर में धन, वैभव और समृद्धि की प्राप्ति होती है। यही कारण है कि देशभर से श्रद्धालु काशी पहुंचकर देवी के चरणों में नतमस्तक हो रहे हैं।

देश के कोने-कोने से पहुंच रहे भक्त

काशी की गलियों में इन दिनों भक्तिभाव का अनोखा दृश्य देखने को मिल रहा है। माता अन्नपूर्णा के दर्शन के लिए न सिर्फ उत्तर प्रदेश बल्कि मध्य प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान और गुजरात सहित कई राज्यों से श्रद्धालु पहुंचे हैं। लंबी कतारों में लगकर भक्त मंदिर में प्रवेश पा रहे हैं।

हर मनोकामना होती है पूर्ण

माना जाता है कि जो भी श्रद्धालु दीपावली के अवसर पर माता अन्नपूर्णा के स्वर्णमयी दर्शन करता है, उसकी झोली कभी खाली नहीं रहती। माता की कृपा से हर घर में अन्न और समृद्धि का वास होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *